पहले दिन छूटी 42 परीक्षार्थियों की परीक्षा
करंट विज़न संवाददाता
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार से शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गईं। ताखा क्षेत्र के श्रीमती इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज, खरगपुर सरैया में पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा के साथ बोर्ड परीक्षाओं का शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य बृजेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के सख्त निर्देशों के बीच परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। सुबह की पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा हुई। कॉलेज में कुल 335 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 310 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 25 परीक्षार्थियों ने सख्ती के कारण परीक्षा छोड़ दी। शाम की पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा संपन्न हुई। जिसमें कुल 313 पंजीकृत छात्रों में से 296 उपस्थित रहे और 17 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। प्रधानाचार्य के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर कड़ी निगरानी और शासन की सख्ती के चलते दोनों पालियों को मिलाकर कुल 42 छात्र अनुपस्थित रहे। केंद्र पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए थे।
