करंट विज़न संवाददाता
इटावा। थाना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुसावली मड़ैया में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर मारपीट व गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार गुंजन पत्नी पवन कुमार निवासी ग्राम मुसावली मड़ैया इकदिल की फांसी लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव को मोर्चरी पर रखवा दिया गया। जिला अस्पताल की मोर्चरी पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे और शव को बाहर निकालने की बात हुई तभी दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्ष में धक्का मुक्की हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत बीच बचाव किया। मृतका गुंजन के पिता राकेश बाबू निवासी कचौराघाट थाना चित्राहाट आगरा का आरोप है कि ससुरालियों ने पहले मारपीट की और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। शादी के बाद से चार लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। परिवार का आरोप है कि सास, जेठ और पति ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। मृतका के पिता राकेश कुमार ने कहा कि शव पर नीले निशान दिखाई दे रहे हैं। बिना पुलिस को सूचना दिए सीधे शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया जिससे उन्हें संदेह और बढ़ गया। मृतका के पति पवन कुमार ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह सुबह खेत पर पानी लगाने गया था। इसी बीच फोन पर पत्नी के आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को काबू में किया और अस्पताल परिसर में फोर्स तैनात कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कोई कार्यवाही की जाएगी। जिला अस्पताल में मोर्चरी पर मौजूद मायके व सुसराली पक्ष के लोग।
