करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा आयोजित किया गया।सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, स्वावलंबन, दहेज उत्पीड़न, अपहरण एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान शक्ति दीदियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं आशा बहुओं के साथ समन्वय स्थापित कर गांवों और विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम में महिलाओं, किशोरियों एवं अभिभावकों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों, मानसिक स्वास्थ्य, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही स्कूलों व कॉलेजों में विशेष अभियान चलाकर युवाओं को अपराध के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया।पुलिस प्रशासन ने कहा कि महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही दहेज, हिंसा, शोषण और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार हुआ है और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक हुई हैं।
