एसएसपी ने साइबर थाने के लिए किया भूमि पूजन

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रस्तावित साइबर थाने की भूमि का विधि-विधान से पूजन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तावित साइबर थाने की भूमि पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निर्माण कार्य के शीघ्र एवं सफल समापन की कामना की गई। इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों में भी वृद्धि हो रही है। ऐसे में अलग से साइबर थाना स्थापित होने से आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि साइबर थाने में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी एवं तकनीकी विशेषज्ञ नियुक्त किए जाएंगे जिससे ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध, बैंकिंग फ्रॉड आदि मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। साइबर थाने की स्थापना से जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी तथा नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भूमि पूजन करते एसएसपी व अन्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *