करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमौली कस्बे से लगे बरमपुर गांव के समीप जंगल में नीम के पेड़ से 15 वर्षीय किशोर का शव लटकता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेतों की ओर गए किसानों ने शव को देखा तो तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पीआरवी 112 एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।मृतक की पहचान केवटरा निवासी रामायण पुत्र जुगल किशोर के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार रामायण अमौली कस्बे स्थित एक गेस्ट हाउस में वेटर का कार्य करता था। कुछ दिन पूर्व मोबाइल चोरी के आरोप में डांट-फटकार के बाद वह वहां से चला गया था। घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की और बाद में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।सूचना पर क्षेत्राधिकारी बृजमोहन राय सहित पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
