करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। रामपुर जनपद में अधिवक्ता फारूख अहमद खान की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में फतेहपुर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (डीबीए) में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।प्रदर्शन के उपरांत बार एसोसिएशन अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे एवं महामंत्री जितेंद्र सिंह गौतम के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में 11 फरवरी को रामपुर में हुई इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कानून-व्यवस्था पर सीधा प्रहार बताया गया। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस घटना ने प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।अधिवक्ताओं ने मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर से कठोर दंड दिलाया जाए। साथ ही दिवंगत अधिवक्ता के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान करने एवं अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की भी मांग की गई।प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर पुत्तन मिश्रा, सोनू श्रीवास्तव, वीरप्रकाश लोधी, नदीमुद्दीन उर्फ पप्पू, मुफीज़ अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
