करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हुसैनगंज की साइबर हेल्प डेस्क टीम को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। टीम द्वारा तत्परता और प्रभावी समन्वय के माध्यम से साइबर फ्रॉड का शिकार हुए पीड़ित के कुल 42,000 रुपये वापस कराए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित से ऑनलाइन माध्यम से ठगी की गई थी। शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं तकनीकी प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी धनराशि सुरक्षित वापस कराई जा सकी।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
