कहिंजरी में विवादित जमीन की पैमाइश, राजस्व टीम ने किया निरीक्षण

रसूलाबाद तहसील क्षेत्र में वर्षों पुराने भूमि विवाद की जांच तेज

करंट विज़न संवाददाता

रसूलाबाद।तहसील क्षेत्र के कस्बा कहिंजरी में कई वर्षों से चल रहे जमीन कब्जे के विवाद को लेकर शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और विवादित भूमि की पैमाइश की। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर गठित छह सदस्यीय राजस्व टीम में नायब तहसीलदार हरिशंकर वर्मा, राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल योगेश कुमार, लेखपाल रवेंद्र सिंह व लेखपाल पवन कुमार शामिल रहे। टीम ने मौके पर दोनों पक्षों की बात सुनी और स्थिति का जायजा लिया। विवादित जमीन को लेकर सिंपल सिंह का कहना है कि उक्त भूमि उनकी है और लगभग 50 वर्षों से वहां उनका आटा चक्की का कारखाना संचालित हो रहा है। उनका आरोप है कि सुभाष त्रिवेदी जबरन उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार पैमाइश हो चुकी है, लेकिन दूसरा पक्ष मानने को तैयार नहीं होता और अपने हिस्से की जमीन अलग होने के बावजूद उनकी भूमि पर दावा कर रहा है। वहीं सुभाष त्रिवेदी का कहना है कि उन्होंने उक्त जमीन खरीदी है और उसके संबंध में कई बार तहसील में प्रार्थना पत्र भी दिया जा चुका है, लेकिन अब तक मामले का निस्तारण नहीं हो सका। उनका कहना है कि शुक्रवार को आई राजस्व टीम ने मौके पर पैमाइश की है और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है। राजस्व अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण और पैमाइश की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन के फैसले पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *