विद्यालय में बच्चों को पढ़ाते एवं निरीक्षण करते जिलाअधिकारी डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी
करंट विज़न संवाददाता
दिबियापुर।जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अनमैप्ड मतदाताओं के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने पीएम श्री विद्यालय में बच्चों को अक्षर ज्ञान भी कराया।जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में भ्रमण कर लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी का निस्तारण करें और स्थानीय सुनवाई करते हुए अधिक से अधिक अनमैप्ड मतदाताओं को मैप करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में ऐसे मतदाता शामिल हैं जिनके माता-पिता के नाम 2003 की निर्वाचक नामावली में हैं, लेकिन तकनीकी कारणों से उन्हें मैप नहीं किया जा रहा है। डॉ. त्रिपाठी ने निर्देश दिए कि मतदाता और उनके माता-पिता के संबंध के साक्ष्य को पोर्टल पर अपलोड करते हुए शाम तक शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई के लिए राशन डीलर और ग्राम प्रधान जैसे लोगों का सहयोग लेने को भी कहा।इसके उपरांत, मिशन ज्योतिर्गमय योजना के अंतर्गत संचालित पीएम श्री विद्यालय कंचौसी पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा एक के छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके ज्ञान का परीक्षण किया।
