करंट विज़न संवाददाता
कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र में एनएच-2 (औरैया रोड) पर शुक्रवार को कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार अरविंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अरविंद कुमार उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकबरपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को क्रेन से हटवाकर थाने में खड़ा करा दिया है तथा घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
