इश्क में अंधी युवती ने रचा ‘इच्छाधारी नागिन’ का ड्रामा

सांप की केंचुली छोड़ घर से हुई फरार

करंट विज़न संवाददाता

फफूंद (औरैया) । थाना क्षेत्र के सींगनपुर गांव में एक फिल्मी ड्रामे जैसा मामला सामने आया है जहाँ एक युवती ने अपने परिजनों को भ्रमित करने के लिए खुद के ‘नागिन’ बनने की झूठी कहानी रची और घर से गायब हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती का फोन सर्विलांस पर लगा कर उसे जल्द बरामद करने का दावा किया है ।
थाना क्षेत्र के ग्राम सीगनपुर निवासी राकेश वाल्मीकि की सबसे छोटी बेटी रीना (कक्षा 8 उत्तीर्ण) रविवार रात करीब 3 बजे अचानक लापता हो गई। घर छोड़ने से पहले उसने अपने बिस्तर पर 5 फीट के सांप की केंचुली अपनी अंगूठी, गले का धागा और चूड़ियाँ सजाकर रख दीं। सोमवार सुबह जब परिजन रीना को जगाने पहुंचे तो बिस्तर पर सांप की केंचुली और जेवर देखकर उनके होश उड़ गए। शुरुआत में परिवार ने अंधविश्वास के चलते यह मान लिया कि उनकी बेटी ‘नागिन’ बनकर कहीं चली गई है। जल्द ही यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की तहकीकात की तो हकीकत कुछ और ही निकली। जांच में सामने आया कि रीना का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन उसकी शादी कहीं और तय करने की तैयारी कर रहे थे। शादी से बचने और घरवालों को गुमराह करने के लिए उसने यह ‘फिल्मी ड्रामा’ रचा ताकि लोग उसे ढूंढने के बजाय दैवीय चमत्कार समझकर बैठ जाएं। पुलिस ने युवती का फोन सर्विलांस पर लगा कर उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली है ।पुलिस फिलहाल युवती की तलाश कर रही है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद परिजनों ने भी इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामला पूरी तरह सुनियोजित ड्रामा लग रहा है। युवती का मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया है जल्द उसे बरामद कर लिया जायेगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *