इटावा। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गाड़ीपुरा मोहल्ले के एक मकान में शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। एक मकान से शुरू होकर घनी आबादी के कारण आग ने दो अन्य मकानों को अपनी लपटों में ले लिया। इस हादसे में एक युवती की अगले महीने होने वाली शादी के लिए रखा लाखों रुपये का दहेज जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार गाड़ीपुरा मोहल्ले में दिलशाद पुत्र निसार के मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में उसने पास स्थित मुस्तकीम और अली दराज के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घरों से उठती आग की लपटें और धुएं को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में दिलशाद की बहन की शादी के लिए दहेज का सामान रखा हुआ था। बताया गया कि अगले महीने मार्च में शादी होनी थी, जिसके लिए फ्रिज, फर्नीचर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान जमा किया गया था। आग लगने से पूरा दहेज का सामान जलकर राख हो गया जिससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन बिजली की लाइन चालू होने के कारण आग पर काबू पाने में दिक्कत आई। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने बिजली की लाइन बंद कराई और कड़ी मेहनत के बाद आग बुझाई। पीड़ित दिलशाद ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और कहा है कि बहन की शादी नजदीक है ऐसे में यह नुकसान परिवार के लिए बड़ा संकट है। मकान में लगी आग से निकलतीं लपटें।
शार्ट सर्किट से लगी आग ने तीन घरों को बनाया निशाना, दहेज का सामान जलकर राख
