डिजिटल कृषि क्रांति : किसानों की आय, खाद्य सुरक्षा और पोषण के लक्ष्य पर केंद्र की 6 सूत्रीय रणनीति- शिवराज सिंह

राज्य सभा में बोले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान- AI और डेटा के उपयोग से बदलेगी खेती की तस्वीर

  • ‘भारत विस्तार’ प्लेटफॉर्म से हर किसान को मिलेगा डिजिटल समाधान- शिवराज सिंह
  • प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए वरदान; 2.90 करोड़ किसान आईडी को राष्ट्रीय बीमा पोर्टल से जोड़ा गया– शिवराज सिंह
  • युवा स्टार्टअप्स डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के जरिए ला रहे हैं खेती में नवाचार और आत्मनिर्भरता– शिवराज सिंह चौहान

नई दिल्ली, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की कृषि नीति अब डिजिटल और नवाचार‑आधारित नए युग में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति का फोकस स्पष्ट है– किसानों की आय बढ़ाना, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और जनता को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराना।

छह‑सूत्रीय रणनीति से खेती में बदलाव

आज राज्य सभा में सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र को बदलने के लिए 6 सूत्रीय रणनीति अपनाई है। इसमें डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा‑आधारित कृषि प्रबंधन, नवाचार और युवा‑उद्यमिता को मुख्य स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज की खेती केवल परंपरा नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी‑आधारित सशक्त उद्यम बन चुकी है। हमारा लक्ष्य किसान को लाभकारी उत्पादन और समृद्ध जीवन देना है।

डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से खेत से बाजार तक क्रांतिकारी बदलाव

श्री चौहान ने कहा कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के विकास से खेत से मंडी तक की हर प्रक्रिया पारदर्शी और तेज होगी। इससे किसानों की उत्पादकता और सुविधाएँ बढ़ेंगी, साथ ही सरकारी योजनाओं तक सीधी पहुँच सुनिश्चित होगी।

AI से खेती होगी स्मार्ट और सटीक

कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि सरकार ने AI‑आधारित कृषि समाधान को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से फसल रोग, मिट्टी की गुणवत्ता, मौसम पूर्वानुमान और कृषि सलाह की जानकारी किसान तक तत्काल पहुँचेगी। उन्होंने कहा कि AI से खेती में सटीकता आएगी और लागत घटेगी, यही भविष्य की स्मार्ट फार्मिंग है।

‘भारत विस्तार’ प्लेटफॉर्म– किसान के लिए एक डिजिटल सलाहकार

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मंत्रालय द्वारा तैयार किया जा रहा ‘भारत विस्तार’ प्लेटफॉर्म खेती की दुनिया में गेम‑चेंजर साबित होगा। बीज, खाद, कृषि‑दवाएँ, फसल सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी अब किसानों को केवल एक सवाल के जवाब में डिजिटल रूप से मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब किसान को दर‑दर भटकने की ज़रूरत नहीं, उनका मोबाइल ही उनका कृषि सलाहकार बनेगा।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना– किसानों के लिए भरोसेमंद कवच

मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए एक वरदान साबित हुई है, जिसने आपदाओं के समय उन्हें सुरक्षा दी है। उन्होंने बताया कि बीमा का लाभ समय पर सुनिश्चित करने के लिए 2.90 करोड़ किसान आईडी को राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल से जोड़ा गया है। हमारा प्रयास है कि एक भी पात्र किसान इस सुविधा से वंचित न रहे।

युवा स्टार्टअप्स के नवाचार से खेती में नई ऊर्जा

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत देशभर में हजारों युवा उद्यमी खेती के नए मॉडल विकसित कर रहे हैं।हॉर्टिकल्चर, प्रिसीजन फार्मिंग, मूल्यवर्धन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में तेजी से प्रयोग चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी से लैस नई पीढ़ी भारतीय कृषि को आत्मनिर्भर और ग्लोबल बना रही है।

“किसान भारत की आत्मा, तकनीक उसकी ताकत”

श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्पष्ट कहा है कि किसान भारत की आत्मा हैं और तकनीक उनकी ताकत। हम ऐसा भारत बनाना चाहते हैं, जहाँ किसान सशक्त हों, खेती लाभकारी बने और गांव समृद्ध हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *