परिजनों ने ठंड लगने की आशंका जताई
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
करंट विज़न संवाददाता
फफूंद (औरैया) । फफूंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दौलतपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ खेतों पर फसल की रखवाली करने गए 58 वर्षीय किसान रणधीर सिंह यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने अत्यधिक ठंड लगने के कारण मौत होने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार रणधीर सिंह यादव शनिवार की शाम करीब 7 बजे घर पर भोजन करने के बाद खेतों की रखवाली के लिए निकले थे। वे खेत पर स्थित समर (नलकूप) के कमरे में ही विश्राम करते थे। रविवार सुबह करीब 6 बजे जब उनका पुत्र अर्जुन सिंह चाय लेकर खेत पर पहुँचा तो पिता को अचेत अवस्था में पाया। काफी जगाने के प्रयास के बाद भी जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो आनन-फानन में निजी चिकित्सक को बुलाया गया जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया।किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे चार पुत्र नीलेश, शरद, अर्जुन, धीरेंद्र और दो पुत्रियां अनीता, सुनीता छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही फफूंद पुलिस मौके पर पहुँची। प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
