जेके हॉस्पिटल में नो टच पॉलिसी के साथ की गयीं नई शुरुआत
इटावा। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ निजी क्षेत्र में विदेशी तकनीक के बल पर कठिन से कठिन ऑपरेशन की सुविधा अब आसानी से उपलब्ध होगी। जेके हॉस्पिटल में शुक्रवार को मॉड्यूलर ऑपरेशन काम्प्लेक्स का शुभारंभ किया गया। सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के बाद आधुनिक तकनीक पर आधारित यह पहला ऑपरेशन कॉम्पलेक्स है जहां अलग-अलग तकनीक पर चार ऑपरेशन थिएटर की स्थापना की गई है। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. मनोज यादव ने मॉड्यूलर ऑपरेशन परिसर का उद्घाटन करते हुए कहा कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संस्थान की जिम्मेदारी है। ऐसे में आयुष्मान योजना के तहत जहां लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है वहीं दूसरी ओर संस्थान विदेशी तकनीक के बल पर लोगों को सहज ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराने जा रहा है। डॉ. कुमार कातरेय ने बताया कि चार नई ओटी में यूरोलॉजी, लेप्रोस्कोपी, लेज़र व जनरल ओटी शामिल है। इनमें नो टच पॉलिसी के साथ पूर्ण रूप से संक्रमण विहीन ऑपरेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यहां दरवाजे व खिड़कियों से लेकर हर चीज को सेंसर युक्त लगाया गया है, जिससे किसी प्रकार का संक्रमण न फैले। उन्होंने बताया कि स्टेरिलाइजेशन के लिए पहली बार इटीओ तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। पीएसी रूम, स्टॉफ व डॉक्टर चेंज रूम के साथ येलो बफर जोन में ओटी स्टोर बनाया गया है। ऑपरेशन में प्रयोग होने वाले औजार, उपकरण व अन्य चीजों को स्टेरिलाइजेशन के बाद पूर्ण रूप से सील करके ओटी स्टोर में रखा जाएगा। इसके बाद रेड जोन शुरू होता है जहां ऑपरेशन थिएटर में सेंसर युक्त लाइट, एसी, सेन्ट्रलाइज गैस, ऑन टेबल एक्सरे की व्यवस्था है। प्री व पोस्ट पेशेंट के लिए चार बेड का बफर जोन बनाया गया है। अमेरिकी तकनीक पर सेंसर युक्त हैंड वॉश की सुविधा है। ओटी- 2 में लेप्रोस्कोपी या दूरबीन तकनीक के ऑपरेशन होंगे। ओटी-3 में लेज़र ऑपरेशन के लिए 30 प्लस मेगा टावर व एनेस्थीसिया मशीन स्थापित की गई है। 4 के कैमरे से पूरे सर्जरी की निगरानी की भी व्यवस्था की है। ओटी- 4 माइनर ओटी है जहाँ यूनिवर्सल नियमों के तहत छोटे ऑपरेशन किये जायेंगे। इस मौके पर सुनैना यादव, डॉ साइनी यादव, डॉ. नेहा सिंह, डॉ पंकज गुप्ता, डॉ मधुकर गुप्ता, डॉ निर्मल, डॉ विभोर व अन्य तकनीकी स्टॉफ आदि मौजूद रहे। जेके हॉस्पिटल में मॉड्यूलर ऑपरेशन परिसर का शुभारंभ करते डायरेक्ट डॉ. मनोज यादव, सुनैना यादव।
