कानपुर देहात के अकबरपुर में अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता बिपिन चन्द्र दीक्षित ने गुरुवार को विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं एवं समर्थकों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। नामांकन के उपरांत अधिवक्ता बिपिन चन्द्र दीक्षित ने कहा कि यदि अधिवक्ता समिति उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपती है, तो वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना, अधिवक्ता हितों की रक्षा करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी को साथ लेकर चलना उनकी कार्यशैली का मूल आधार होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अधिवक्ता समिति को पारदर्शी, सक्रिय और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। नामांकन के बाद अधिवक्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। समर्थकों ने विश्वास जताया कि अधिवक्ता बिपिन चन्द्र दीक्षित के नेतृत्व में अधिवक्ता समिति नई दिशा और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी तथा अधिवक्ताओं के हितों को मजबूती मिलेगी।
अधिवक्ता बिपिन चन्द्र दीक्षित ने अध्यक्ष पद हेतु कराया नामांकन, अधिवक्ताओं में उत्साह
