पशुओं के खुरपका मुंहपका टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ

मुख्य विकास अधिकारी ने झंडी दिखाकर टीकाकरण वाहनों को किया रवाना

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी घातक एवं संक्रामक बीमारी से बचाने के उद्देश्य से गुरुवार से व्यापक टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने झंडी दिखाकर टीकाकरण वाहनों को सभी विकास खंडों के लिए रवाना कर किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने कहा कि पशुपालक अपने पशुओं का समय से टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे पशुओं को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान पशुधन संरक्षण एवं किसानों की आय सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 22 जनवरी से 10 मार्च तक खुरपका-मुंहपका रोग के विरुद्ध टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन के लिए विशेषज्ञ टीमों का गठन किया गया है, जिसमें उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी एवं प्रशिक्षित वैक्सीनेटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जनपद को कुल 3 लाख 83 हजार 400 वैक्सीन प्राप्त हो चुकी हैं, जिनके माध्यम से जिले के सभी 8 विकास खंडों में गोवंश एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण के लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है तथा पशु चिकित्सकों और पैरावेट कर्मचारियों की टीमें गांव-गांव जाकर घर-घर पशुओं का टीकाकरण करेंगी। डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने पशुपालकों से अपील की कि वे टीकाकरण टीमों का सहयोग करें और अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारी से पशुधन को सुरक्षित रखा जा सके। इस अवसर पर उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी हरिश्चंद्र, डॉ. मनोज गुप्ता, अशोक कुमार, डॉ. दिलीप यादव, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. जितेंद्र शर्मा, डॉ. संजीव शर्मा, डॉ. भारती कटारे, डॉ. शिवानी पांडे, डॉ. राजेंद्र सिंह कुशवाहा सहित पशुधन प्रसार अधिकारी नरेंद्र कुमार शर्मा, सुनील भटेले एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

टीकाकरण वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना करते सीडीओ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *