संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत खेत की मेड़ पर मिला शव

 

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

करंट विजन संवाददाता

फफूंद (औरैया) । थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव भियाँपुर की पुलिया के पास खेत की मेड़ पर पड़ा मिला जबकि कुछ दूरी पर उसकी बाइक खेत के किनारे गिरी हुई मिली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है ।मृतक के छोटे भाई मनोज कुमार ने बताया कि उसका भाई अनुज कुमार पुत्र उपेंद्र बाबू रविवार शाम करीब 6 बजे बाइक लेकर घर से निकला था। उसकी शादी की बातचीत थाना मंगलपुर क्षेत्र के गांव लाड़पुर में चल रही थी। 10 फरवरी को जहां रिश्ता तय होना था वहां दूसरी बेटी की शादी थी। होने वाले ससुर ने अनुज से शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक देने को कहा था इसी सिलसिले में वह घर से निकला था। मनोज के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे गांव लाड़पुर के उसी घर से एक फोन आया जिसमें बताया गया कि तुम्हारे भाई का दखलीपुर गांव में एक्सीडेंट हो गया है एक बकरी मर गई है तीन हजार रुपये की मांग की जा रही है। फोन उसी घर की एक युवती ने किया था जहां अनुज बाइक देने जा रहा था। सूचना मिलने पर अनुज का भाई और तीन-चार ग्रामीण घटना स्थल की ओर रवाना हुए । गाँव दखलीपुर मे पता किया वहां कोई दुर्घटना नही हुई थी । परिजन ककोर बंबा होते हुए भियापुर गांव की पुलिया तक पहुंचे। पुलिया के पास वही लोग मिले जहाँ भाई जा रहा था उन्होंने ने गाड़ी खड़ी कर दी। उन लोगो ने कहा कि इस तरफ हम लोग तलाश कर रहे है तुम लोग दूसरी तरफ जाओ । बहुत देर बाद जब हम लोग दोबारा वहां पहुंचे तो वे लोग नही मिले l पुलिया से करीब 200 मीटर आगे ककोर बम्बा के किनारे अनुज की बाइक गिरी हुई मिली जिसका हैंडल लॉक था। बाइक खेत के किनारे लगे ब्लेड वाले तार में उलझी हुई थी। खेत गीला होने के कारण बाइक से आगे पैरों के चलने के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे। हम लोग उसी तरफ चले तो बाइक से लगभग 150 मीटर आगे खेत की मेड़ पर अनुज का शव पड़ा मिला। शव का ऊपरी हिस्सा मेड़ पर था जबकि पैर खेत में थे। आसपास गेहूं की फसल टूटी हुई थी जिससे संघर्ष किये जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक का मोबाइल फोन मौके पर नहीं मिला केवल मोबाइल का कवर शव के पास पड़ा हुआ मिला।
परिजनों ने बताया कि रात में घटना स्थल के पास से एक टेम्पू गुजर रहा था जिसमें कुछ पुरुष और महिलाएं सवार थे। वे उसी घर के बताए जा रहे हैं जहां अनुज बाइक देने जा रहा था। पुलिस ने टेम्पू को रोककर पूछताछ की और टेम्पू सहित सभी को थाने ले गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस को अवगत कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अनुज राजमिस्त्री का काम करता था। पिता उपेंद्र बाबू भी मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। परिवार के पास दो भाइयों के बीच करीब डेढ़ बीघा जमीन है और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है l मृतक की बड़ी बहन अनुराधा 25 वर्ष विवाहित है बहन मनु 20 वर्ष, छोटा भाई मनोज कुमार 18 वर्ष व छोटी बहन रुक्मनी 16 वर्ष है l माँ रामदेवी और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है । मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *