केपीएल-7 का ताज लखनऊ डीएसडी के नाम, खागा को 94 रनों से दी करारी शिकस्त

फतेहपुर । किशनपुर कस्बा स्थित नागा बाबा क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किशनपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) के सातवें संस्करण का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। रोमांचक लेकिन एकतरफा रहे इस मुकाबले में लखनऊ डीएसडी टीम ने कुलदीप इलेवन खागा को 94 रनों से पराजित कर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।फाइनल में लखनऊ डीएसडी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 217 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमन ने 46 गेंदों पर 128 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि अरबिंद ने 36 गेंदों पर 62 रनों की शानदार पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुलदीप इलेवन खागा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। ओपनर अभिषेक के जल्दी आउट होने के बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 173 रनों पर सिमट गई। खागा की ओर से संगम, गोलू पांडेय, सत्यम पटेल और आलोक शिब्बू ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।शानदार शतक के लिए अमन को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जमरांवा टीम के आजम खान को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार इलेक्ट्रिक स्कूटी के रूप में दिया गया।मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने विजेता लखनऊ डीएसडी टीम को 1 लाख 61 हजार रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता कुलदीप इलेवन खागा को 81 हजार रुपये का चेक व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कृष्णा पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा, आदित्य त्रिवेदी, छोटू परिहार, धर्मेंद्र आर्ट, अरविंद मिश्रा, रवि तिवारी, बुद्धन सिंह, ओमकार, मयंक, शमशेर, तेज बहादुर सहित हजारों दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *