दंगल में भारत केसरी रामेश्वर, अभिनायक, देवा थापा, जावेद गनी का रहा दबदबा

स्पोर्टस स्टेडियम में हुआ अखिल भारतीय दंगल का आयोजन
इटावा। इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी के तत्वावधान में दाे दिवसीय अखिल भारतीय दंगल का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्टस स्टेडियम में हुआ जिसमें देश भर से आए पहलवानों ने अपने दांव पेच दिखाए। दंगल देखने वालों का ऐतिहासिक हुजूम उमड़ा।
अखाड़ा पूजन समिति के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा किया गया इसके बाद दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीडीओ अजय कुमार गौतम व जिला क्रीड़ाधिकारी सर्वेंद्र कुमार सिंह व रिटायर्ड सीओ रामनाथ सिंह यादव ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर किया। दूसरे दिन विभिन्न राज्य, प्रदेश व देशों से आए पहलवानों ने कुश्ती में अपने दांवपेंच दिखाए। एक लाख की इनामी कुश्ती में हाथरस से आए भारत केसरी रामेश्वर पहलवान ने पंजाब को हराया तथा दिल्ली से आए उ.प्र. केसरी अभिनायक पहलवान ने पंजाब के दिलबाग को हराकर अपना दबदबा कायम किया। इसके बाद पचास हजार की इनामी कुश्ती में नेपाल से आए पहलवान देवा थापा ने हरियाणा के पहलवान गुड्डू को हराया, जबकि जम्मू कश्मीर से आए जावेद गनी ने गाजीपुर के राहुल को पटखनी देकर कुश्ती जीती। वहीं इक्कीस हजार इनाम की महिला कुश्ती में नेपाल से आईं पहलवान रूबी थापा ने हरिद्वार की पायल को हराया, जबकि दूसरा मुकाबला हरियाणा की पूनम और आगरा की कामिनी के बीच बराबर का रहा। वहीं जिला जीत की कुश्ती गोलू मिटाटी, शहर जीत की युगल किशोर, जिला विद्यार्थी की अनुराग व शहर विद्यार्थी की कुश्ती महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम के करन ने जीती। नेपाल के पहलवान देवा थापा ने कहा कि वे दूसरी बार जनपद में आए हैं। उन्होंने कहा कि पहलवान ओलंपिक के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं, उनकी मेहनत आने वाले समय में रंग लाएगी। वहीं पूर्व में नेपाल में बिगड़े हालाताें को लेकर कहा कि अब हालात सुधर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहलवान गरीब घर से होते हैं, ऐसे में उनका मनोबल कम न किया जाए। जो मेहनत के साथ अच्छा प्रदर्शन करते हैं उनको बड़े स्तर पर कुश्ती लड़ने का मौका मिलना चाहिए। दंगल संयोजक खेल तमाशा ठेकेदार बह्म कुमार यादव टीपू एवं सह संयोजक सोनू पहलवान जिला जीत व प्रशांत दीक्षित ने खलीफा पहलवानों व पूर्व जिला जीत खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही नुमाइश कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्यों को शाल, पगड़ी आदि पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने सीडीओ को प्रतीक चिन्ह, शाल आदि भेंट कर उनका स्वागत किया। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मुकेश यादव, पवन यादव, प्रधानाचार्य गुफरान अहमद, डा. उमेश यादव, संजय शर्मा, सर्वेश चौहान, शेरा पहलवान आदि मौजूद रहे। संचालन सोनू पहलवान व टीपू यादव ने किया।

फोटो 04- पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती शुरू कराते रिटायर्ड सीओ रामनाथ सिंह यादव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *